31.9 C
New York
Monday, June 30, 2025

Buy now

प्रधानमंत्री मोदी ने की ‘मन की बात’ : संविधान दिवस, महाकुंभ और WAVES समिट पर दिया जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर बात की। उन्होंने संविधान दिवस और 2025 में संविधान को लागू हुए 75 वर्ष पूरे होने पर इसे देश के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लिए मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत है। इसके साथ ही संविधान को नागरिकों से जोड़ने के लिए constitution75.com नाम की वेबसाइट का जिक्र किया, जहां लोग संविधान की प्रस्तावना पढ़कर अपना वीडियो अपलोड कर सकते हैं।

महाकुंभ 2025 में AI तकनीक का उपयोग

प्रधानमंत्री ने महाकुंभ की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए इसकी विविधता और एकता की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि पहली बार कुंभ में AI चैटबॉट का प्रयोग होगा, जो 11 भारतीय भाषाओं में कुंभ से जुड़ी जानकारी प्रदान करेगा। लोग इस चैटबॉट से टेक्स्ट या वॉयस के जरिए मदद ले सकेंगे।

बच्चों की एनिमेशन सीरीज KTB का दूसरा सीजन लॉन्च

प्रधानमंत्री ने बच्चों की लोकप्रिय एनिमेशन सीरीज KTB – भारत हैं हम के दूसरे सीजन का उल्लेख किया। यह सीरीज भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अनसुने नायकों की कहानियां प्रस्तुत करती है। इसका नया सीजन गोवा में आयोजित इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में लॉन्च किया गया।

WAVES समिट 2024

प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि अगले साल भारत में पहली बार World Audio Visual Entertainment Summit (WAVES) का आयोजन होगा। इस समिट में वैश्विक मीडिया और मनोरंजन उद्योग के दिग्गज हिस्सा लेंगे। यह भारत को वैश्विक कंटेंट निर्माण का केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम होगा।

तमिल भाषा के प्रचार-प्रसार पर बल

प्रधानमंत्री ने तमिल भाषा के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि फिजी में भारत सरकार के सहयोग से तमिल शिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। यह पिछले 80 वर्षों में पहली बार हो रहा है कि फिजी में प्रशिक्षित शिक्षक तमिल पढ़ा रहे हैं।

मिस्र में भारतीय संस्कृति पर पेंटिंग प्रतियोगिता

प्रधानमंत्री ने मिस्र के करीब 23,000 छात्रों द्वारा भारतीय संस्कृति पर बनाई गई पेंटिंग प्रतियोगिता की सराहना की। उन्होंने इसे भारत-मिस्र संबंधों को मजबूत बनाने का प्रयास बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भारत की सांस्कृतिक, तकनीकी और ऐतिहासिक उपलब्धियों पर गर्व प्रकट किया और देशवासियों से इन पहलों का हिस्सा बनने की अपील की।

Latest Articles