DHANBAD:धनबाद में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कैंडल मार्च और प्रदर्शन किया। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ के बैनर तले यह आंदोलन 19 जून की शाम रणधीर वर्मा चौक के पास आयोजित किया गया। इस आंदोलन के माध्यम से कर्मचारियों ने राज्य सरकार से अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की है।
झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ, झारखंड (इकाई – भारतीय मजदूर संघ) के आह्वान पर 19 जून को जिला धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने कैंडल मार्च एवं विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के माध्यम से संघ ने यह भी घोषणा की कि अगर उनकी मांगों को जल्द नहीं माना गया तो 28 जून 2025 को रांची में राजभवन के समक्ष एक दिवसीय महाधरना दिया जाएगा। “रांची चलें! रांची चलें!” जैसे नारों के साथ कर्मियों ने अपनी एकजुटता और संघर्ष का ऐलान किया।
विरोध के दौरान कर्मियों ने साफ कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ है और इसमें लगे कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान ‘राष्ट्र हित’ और ‘श्रमिक हित’ जैसे नारों के साथ शांति पूर्ण तरीके से अपनी बात रखी गई।
मांगों में प्रमुख रूप से शामिल हैं:
वेतन में वृद्धि
सेवा स्थायित्व
पीएफ, ईएसआई जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का समुचित लाभ
कार्य के घंटे तय करना
अनुबंध आधारित शोषण पर रोक
संघ ने स्पष्ट किया कि अगर सरकार ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो चरणबद्ध आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा।
कैंडल लेकर शांति मार्च निकालते एंबुलेंस कर्मचारी

“हमलोग सरकार से अनुरोध करते हैं कि हमारी मांगों को गंभीरता से लिया जाए, हम जीवन रक्षक सेवा में हैं लेकिन हमारी स्थिति खुद असुरक्षित है।”