धनबाद में पुलिस ने साल के अंत में बड़ी सफलता हासिल की है। गैंगस्टर प्रिंस खान के लिए काम करने वाले 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनसे पुलिस ने 3 पिस्टल, 16 कारतूस, एक स्विफ्ट डिजायर कार, एक नीले रंग की पल्सर बाइक और 7 मोबाइल बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी के साथ ही गोलीबारी और हत्या से जुड़े तीन बड़े मामलों का भी उद्भेदन हो गया है।
गिरफ्तार अपराधियों से जुड़े बड़े खुलासे
धनबाद के SSP हरदीप पी. जनार्दनन ने बताया कि केंदुआ, कतरास और मधुबन इलाकों से पकड़े गए अपराधियों की पूछताछ में यह जानकारी मिली कि ये शाहबुद्दीन गोलीकांड, सीमेंट कारोबारी चेतन महतो गोलीकांड और तेतुलमारी रेलवे साइडिंग में फायरिंग के अलावा बलियापुर में मार्शल यार्ड ठेकेदार के कर्मी पर गोली चलाने की घटनाओं में शामिल थे।

इन अपराधियों का सरगना गणेश गुप्ता है, जो हाल ही में जेल से रिहा हुआ है। वह गैंगस्टर प्रिंस खान के निर्देश पर शूटरों को बुलाकर घटनाओं को अंजाम देता था।
गिरफ्तार अपराधियों की सूची
- गणेश गुप्ता: स्थायी निवासी बोधगया, बिहार।
- राजेश बधावन उर्फ बबलू: निवासी कलाली फाटक, कतरास।
- अजय सिंह: निवासी भंडारीडीह, कतरास।
- करण सिंह राजपूत: निवासी फुलवारी टांड, मधुबन।
- बिट्टू उर्फ सागर मल्लाह: निवासी निचीतपुर बस्ती, कतरास।
- देव उर्फ भीम उर्फ प्रियेश कुमार सिंह: निवासी भौरोपूर, हुसैनाबाद, पलामू।
SIT का गठन और पुलिस की कार्रवाई
अपराध पर नियंत्रण के लिए SSP ने सिटी और ग्रामीण SP के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। इसमें बाघमारा SDPO पुरुषोत्तम कुमार, DSP मुख्यालय शंकर कामती, सिंदरी SDPO आशुतोष कुमार, यातायात DSP अरविंद सिंह और विधि व्यवस्था DSP नौशाद आलम सहित अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया।
SSP का संदेश
SSP हरदीप पी. जनार्दनन ने अपराधियों को कड़ी चेतावनी दी है कि कोई भी गिरोह से जुड़ा अपराधी बख्शा नहीं जाएगा। अगर कोई गोलीबारी या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया गया, तो उसका ठिकाना जेल होगा। SSP ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के गिरोह को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी बताया कि अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।