27.8 C
New York
Monday, June 30, 2025

Buy now

मोदी युग के बाद भाजपा नेतृत्व की तैयारी में जुटा संघ : योगी, अमित शाह सहित कई नाम चर्चा में : नई पीढ़ी को सशक्त करने की कवायद

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युग के बाद के नेतृत्व को गढ़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री मोदी अभी भी भाजपा के सर्वोच्च नेता हैं और जब तक वह पद पर रहेंगे, उनकी प्रमुखता बनी रहेगी। लेकिन संघ उनकी अगली पीढ़ी तैयार करने में जुट गया है। इस सूची में गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, और अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जैसे नाम शामिल हैं।

लोकसभा में गिरावट, विधानसभा में जीत से नई रणनीति

2019 के बाद भाजपा और संघ के रिश्तों में आई ढील के संकेत लोकसभा चुनाव 2024 में स्पष्ट हुए। भाजपा को अपने दम पर बहुमत पाने में कठिनाई हुई, जिसके बाद हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनावों में संघ ने फिर से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस ने भाजपा के लिए भारी बहुमत जुटाकर खुद को संघ और पार्टी का भरोसेमंद नेता साबित किया।

संघ की पकड़ फिर मजबूत

संघ ने महाराष्ट्र और हरियाणा चुनावों में अपनी गहरी रणनीतिक पकड़ दिखाई। “बटेंगे तो कटेंगे” जैसे नारों से जातीय ध्रुवीकरण की काट करते हुए हिंदू एकता का संदेश दिया गया। महाराष्ट्र में “एक हैं तो सेफ हैं” के परिष्कृत नारे के साथ भाजपा ने व्यापक समर्थन जुटाया।

नई पीढ़ी का नेतृत्व तैयार करने की कवायद

भाजपा में नए अध्यक्ष को लेकर संघ की भूमिका अहम हो रही है। संघ चाहता है कि अध्यक्ष प्रधानमंत्री मोदी के साथ तालमेल बिठाने वाला हो लेकिन पूरी तरह नतमस्तक न हो। संघ की नजर 2029 के लोकसभा चुनाव और उसके बाद के नेतृत्व पर है। संघ की योजना है कि पार्टी को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जाए और वैसी गलती न हो जैसी वाजपेयी युग के बाद हुई थी।

फडणवीस पर फिर भरोसा

महाराष्ट्र में फडणवीस को दोबारा मुख्यमंत्री बनाना संघ और प्रधानमंत्री मोदी की साझा सहमति का नतीजा है। उनकी नेतृत्व क्षमता ने उन्हें भाजपा की नई पंक्ति में अहम स्थान दिलाया है। वहीं, संघ ने भाजपा के संगठन को फिर से अपने विचारों और कार्यशैली में ढालने की पहल शुरू कर दी है।

भविष्य की रणनीति: संतुलन और नेतृत्व

संघ अब भाजपा अध्यक्ष पद के लिए ऐसा चेहरा चाहता है, जो पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ संघ के आदर्शों का पालन करे। प्रधानमंत्री मोदी को संतुष्ट रखते हुए संघ अपनी पकड़ बनाए रखने की कोशिश में है। संघ इस दिशा में पूरी सतर्कता बरत रहा है ताकि भाजपा नेतृत्व भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सके।

Latest Articles